आलापुर अंबेडकर नगर। थाना जहांगीरगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सहाबुद्दीनपुर में बीती शाम एक युवक ने पेड़ की डाली पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय अभिषेक पुत्र रविन्द्र , निवासी सहाबुद्दीनपुर ने रविवार की रात लगभग आठ बजे घर के सामने स्थित नीम के पेड़ से फांसी लगा ली।
परिजनों ने जब युवक को फंदे पर झूलता देखा तो आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाया है। घटना की जानकारी मिलने पर जहांगीरगंज थानाध्यक्ष अजय प्रताप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।