अम्बेडकर नगर। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली अकबरपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने युवती से दुराचार करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने परिचित युवक के बुलावे पर उसके कमरे पर गई थी। आरोप है कि आरोपी युवक, जो उसी के गांव का निवासी है, ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसके साथ जबरन दुराचार किया। घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्काल सत्येन्द्र पुत्र रामवक्स निवासी ग्राम अफजलपुर और आलोक चौहान पुत्र रामतीरथ निवासी ग्राम औलियापुर के खिलाफ मामला दर्ज किया।
मुखबिर की सूचना पर शनिवार को कोतवाली अकबरपुर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को न्यौतरिया बाइपास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय, उपनिरीक्षक इसहाक खां, उपनिरीक्षक यादव राजेश रामदेव, हेड कॉन्स्टेबल कपिल देव यादव, हेड कॉन्स्टेबल अभयराज सिंह, कॉन्स्टेबल नरेन्द्र कुमार व पंकज यादव शामिल रहे।