बसखारी, अंबेडकर नगर। पूर्वांचल के ऐतिहासिक मेले के रूप में विख्यात बसखारी के ऐतिहासिक भरत मिलाप के सजीव चित्रण को देखने के लिए बुधवार की शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ बसखारी कस्बे में जुटने लगी। इस दौरान बसखारी बाजार में सजाई गई माता दुर्गा के भव्य पंडाल एवं की गई बिजली की सजावट से बसखारी बाजार में दीपावली जैसा दृश्य उत्पन्न हो गया।
भरत मिलाप के दौरान निकली गई मनमोहक झांकियां लोगों की आकर्षण का केंद्र रही।मेले में आए हुए लाखों श्रद्धालुओं ने बसखारी क्षेत्र में स्थापित जगत जननी मां दुर्गा के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर माता रानी का दर्शन करते हुए पूजा अर्चना की। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस के साथ जिले का प्रशासन भी मुस्तैदी के साथ रात भर डटा रहा।
रात्रि 12 बजे तक दुर्गा माता के सजे पंडालों में पूजा अर्चना करने के बाद राम भरत मिलाप के ऐतिहासिक दृश्य एवं आकर्षक झांकियां को देखने के लिए 1 लाख के करीब जुटी श्रद्धालुओं की अभिलाषा भोर 4:00 बजे पूर्ण होनी शुरू हुई।हाथी घोड़ो के साथ ढोल-नगाड़ो की मधुर थाप पर भरत मिलाप के दौरान निकाली गई झांकियां में नरसिंह अवतार द्वारा हिरणाकश्यप का वध, राक्षस वध के समय राम भगवान का दृश्य,हनुमान कृष्ण का दृश्य ,सीता माता का दृश्य, प्रभु द्वारा माता शबरी के जुठे बेर खिलाने का प्रसंग, शिवभक्त में लीन रावण,शेषनाग पर श्री कृष्णा, झांसी की रानी, श्री राम हनुमान, वासुदेव कृष्ण ,दो भाइयों के बीच जमीन का विवाद , ऑपरेशन सिंदूर सहित कुल 14 मनमोहक झांकियां निकाली गई।




