अयोध्या। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा को आधुनिक रूप देने के लिए 437 स्मार्ट क्लास और 72 आईसीटी लैब स्थापित की गई हैं। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बच्चों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई का अवसर मिल रहा है। स्मार्ट क्लास में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिसके जरिए शिक्षक ऑडियो-विजुअल माध्यम से पढ़ाते हैं। प्रत्येक क्लास पर ढाई से तीन लाख रुपये और हर आईसीटी लैब पर पांच से छह लाख रुपये की लागत आई है। हर लैब में पांच कंप्यूटर उपलब्ध हैं।
पिछले वर्ष 225 स्मार्ट क्लास और 12 आईसीटी लैब खोली गई थीं। इस वर्ष 212 नई स्मार्ट क्लास और 60 अतिरिक्त आईसीटी लैब जोड़ी गईं। इनका विस्तार रुदौली, मसौधा और मया विकास खंड के कई विद्यालयों तक किया गया है।
शिक्षकों और अभिभावकों का कहना है कि स्मार्ट क्लास और लैब से बच्चों का पढ़ाई की ओर रुझान बढ़ा है। जटिल विषय समझना आसान हुआ है और विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा से जुड़ रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अवनीश कुमार पाण्डेय ने बताया कि इन सुविधाओं से जिले के हजारों बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं।