लखनऊ। शहर के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिल मेहरोत्रा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने जा रहे हैं। उन्हें आयरलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ गॉलवे के CORRIB CORE RESEARCH LAB में Visiting Research Fellowship प्रदान की गई है। यह प्रतिष्ठित फेलोशिप 18 अगस्त से 16 सितम्बर 2025 तक चलेगी।
डॉ. मेहरोत्रा इस दौरान हृदय संबंधी उन्नत इमेजिंग तकनीकों जैसे कार्डियक एमआरआई, कार्डियक सीटी, 256-स्लाइस सीटी एंजियोग्राफी, एडवांस्ड 4-डायमेंशनल स्ट्रेन तथा जटिल बाल्यकालीन एकोकार्डियोग्राफी (सायनोटिक जन्मजात हृदय रोगों में) पर शोध कार्य करेंगे।
फेलोशिप अवधि में वे विभिन्न सम्मेलनों, व्याख्यानों, सेमिनारों, कार्डियक फेलो शिक्षण सत्रों, कार्डियोलॉजी और ICCU ग्रैंड राउंड्स में भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
CORRIB कार्डियोवेस्कुलर रिसर्च लैब एंड हॉस्पिटल को विश्व के सबसे उन्नत अकादमिक हृदय संस्थानों में गिना जाता है। यहां प्रवास के दौरान डॉ. मेहरोत्रा प्रोफेसर पीटर सेरूयस, जो यूनिट के मुख्य कार्डियोलॉजिस्ट हैं, के साथ कार्य करेंगे।