Thursday, July 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरकांवड़ यात्रा की तैयारी में निकले तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने...

कांवड़ यात्रा की तैयारी में निकले तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर


जलालपुर अम्बेडकर नगर। कांवड़ यात्रा में जाने की तैयारी में जुटे तीन युवकों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शुक्रवार दोपहर को एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना मालीपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर-मालीपुर मार्ग स्थित खानपुर उमरन मोड़ के पास दोपहर करीब दो बजे की है। मालीपुर थाना क्षेत्र के जगतूपुर निवासी दीपू (25 वर्ष) पुत्र जगदीश राजभर, शुभम (19 वर्ष) पुत्र चिंगारी व ऋतिक (20 वर्ष) पुत्र रामधारी एक ही बाइक पर सवार होकर मालीपुर बाजार कपड़े खरीदने जा रहे थे। तीनों युवक कांवड़ यात्रा में सम्मिलित होने की तैयारी में थे। जैसे ही तीनों अकबरपुर-मालीपुर रोड पर खानपुर उमरन मोड़ के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपू को मृत घोषित कर दिया। वहीं शुभम और ऋतिक की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक दीपू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और ट्रैक्टर मिस्त्री का कार्य करता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। इस संबंध में मालीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद से गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments