◆ कागजी कमी और सत्यापन में समस्या के चलते नहीं हो सका विवाह
जलालपुर, अम्बेडकर नगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भियांव ब्लॉक क्षेत्र के बंदीपुर स्थित जगरदेव बाबा के सद्भावना लॉन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें भियांव, जलालपुर और जहांगीरगंज ब्लॉक के कुल 53 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। वहीं, कागजी कमी और सत्यापन में समस्या के चलते सात जोड़ों का विवाह नहीं हो सका।
समारोह में भियांव ब्लॉक के 16, जलालपुर के 20 और जहांगीरगंज ब्लॉक के 17 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। नवदंपतियों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर परिजनों और उपस्थित लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।