Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दीपोत्सव में 50 बेड आरक्षित, 14 अस्थायी स्वास्थ्य शिविरों में तैनात होंगे...

दीपोत्सव में 50 बेड आरक्षित, 14 अस्थायी स्वास्थ्य शिविरों में तैनात होंगे 135 स्वास्थ्यकर्मी

0
ayodhya samachar

अयोध्या। दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा व्यवस्थाओं की तैयारी शुरू कर दी है। पांच से आठ नवंबर तक आयोजित होने वाले दीपोत्सव के लिए 14 अस्थायी स्वास्थ्य शिविर बनाए जाएंगे। इन शिविरों पर चिकित्सक, फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।

सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार ने मेले की चिकित्सा व्यवस्थाओं के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. राम मणि त्रिपाठी को मेलाधिकारी नियुक्त किया है। स्वास्थ्य शिविरों के संचालन के लिए 45 चिकित्सक, 45 फार्मासिस्ट और 45 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल कॉलेज में 20, जिला अस्पताल में 20 और श्रीराम चिकित्सालय में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा 10 स्थानों पर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। एंबुलेंस सेवाएं आयोजन के दौरान 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।


इन स्थानों पर बनाए जाएंगे अस्थायी स्वास्थ्य शिविर


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कन्ट्रोल रूम, पक्का घाट, लता मंगेशकर चौक स्थित नया घाट पुलिस चौकी, साकेत पेट्रोल पंप के पास, हनुमानगुफा, श्रीराम जन्मभूमि निकास द्वार, श्रीराम जन्मभूमि पीएफसी, दशरथ महल, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, कारसेवक पुरम, हनुमानगढ़ी, कनक भवन मंदिर परिसर और अयोध्या धाम अंतरराष्ट्रीय बस स्टेशन सहित 14 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर प्रस्तावित हैं।


इन स्थानों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस


हनुमानगढ़ी, कारसेवक पुरम, कनक भवन मंदिर परिसर, श्रीराम जन्मभूमि परिकोटा, नागेश्वरनाथ मंदिर, नया घाट (पुराना सरयू पुल), साकेत पेट्रोल पंप, वीणा चौराहा (लता मंगेशकर चौक), हनुमानगुफा और कन्ट्रोल रूम पर एंबुलेंस तैनात की जाएंगी।


शिविरों में पहले से उपलब्ध रहेंगी दवाएं


सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य शिविरों में आवश्यक दवाएं, चिकित्सा उपकरण और आपातकालीन किट पहले से उपलब्ध कराई जाएंगी। ड्यूटी में लगाए जाने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन और आपात चिकित्सा से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाएगी। आयोजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार के साथ जरूरत के अनुसार मरीज को संबंधित अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version