Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सीईआईआर पोर्टल से 203 मोबाइल बरामद, पुलिस ने असली मालिकों को लौटाए

सीईआईआर पोर्टल से 203 मोबाइल बरामद, पुलिस ने असली मालिकों को लौटाए

0

अयोध्या। जनपद में सर्विलांस सेल व थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम हुए 203 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30.45 लाख रुपये बताई जा रही है। सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को रिजर्व पुलिस लाइन में सौंपे गए।

जानकारी के अनुसार श्रीराम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ मोबाइल गुम होने की घटनाएं भी सामने आ रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सर्विलांस टीम और थानों पर नामित पुलिसकर्मियों ने सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करते हुए विभिन्न जनपदों और प्रदेशों से जुड़े मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।

बरामदगी के बाद मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे गए। लंबे समय से गुम मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने संतोष व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि सर्विलांस टीम और जनपद के सभी थानों की संयुक्त टीम ने सीईआईआर पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए मोबाइल फोन ट्रेस किए। अभियान के दौरान विभिन्न जनपदों और अन्य राज्यों से जुड़े मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि बरामद सभी मोबाइल फोन संबंधित लोगों को वापस किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में प्रसन्नता है। पुलिस की इस पहल की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें या सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें, जिससे मोबाइल को ट्रैक और ब्लॉक करने में सहायता मिल सके। इसके साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।

मौके पर सीईआईआर पोर्टल प्रभारी व क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी तथा कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version