Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सम्पूर्ण समाधान दिवस में 140 शिकायतें प्राप्त, 12 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 140 शिकायतें प्राप्त, 12 का मौके पर निस्तारण

0

◆ जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने अधिकारियों को दिया निर्देश – संवेदनशीलता और गंभीरता से करें शिकायतों का निस्तारण


अयोध्या। तहसील बीकापुर के सभागार में सोमवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध रूप से किया जाए।

गोष्ठी के दौरान कई ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम गौहानी खुर्द, विकासखंड तारुन के शिकायतकर्ता ने इंडिया मार्का हैंडपंप खराब होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत को तत्काल हैंडपंप ठीक कराने के निर्देश दिए।

ग्राम कटारी, विकासखंड बीकापुर के शिकायतकर्ता ने हल्का लेखपाल की लापरवाही और अनियमितता की शिकायत की, जबकि ग्राम परसावां महोला, विकासखंड तारुन में लेखपाल द्वारा बिना स्थलीय निरीक्षण किए गलत रिपोर्ट लगाए जाने की बात कही गई। जिलाधिकारी ने इन सभी मामलों में तहसीलदार बीकापुर को जांच कर न्यायोचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसी प्रकार ग्राम बैंतीकला, विकासखंड बीकापुर में बंजर भूमि पर अवैध अतिक्रमण रोकने की शिकायत और ग्राम हथिगो, विकासखंड तारुन में चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की शिकायत पर भी आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। एक अन्य प्रकरण में ग्राम कटारी, बीकापुर के शिकायतकर्ता ने विपक्षी पक्ष के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि बीकापुर तहसील में आज कुल 140 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभागाध्यक्ष प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं का समाधान करें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन और पेंशन से संबंधित अधिकतर शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी बीकापुर, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version