Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या मंडलायुक्त राजेश कुमार ने की मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा, रैंकिंग सुधारने...

मंडलायुक्त राजेश कुमार ने की मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा, रैंकिंग सुधारने के दिए निर्देश

0

अयोध्या मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से माह सितंबर 2025 में प्राप्त रैंकिंग के आधार पर विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी अयोध्या निखिल टीकाराम फुंडे, जिलाधिकारी बाराबंकी शशांक त्रिपाठी, सुल्तानपुर कुमार हर्ष, अम्बेडकरनगर अनुपम शुक्ला और अमेठी संजय चौहान सहित मंडलीय व जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

मंडलायुक्त ने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग अपेक्षित स्तर से नीचे है, उनके अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर योजनाओं की गति बढ़ाएं और सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पत्रावलियों का संचालन ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किया जाए और इसे प्रभावी रूप से लागू किया जाए।

छठ पर्व को देखते हुए उन्होंने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के घाटों पर सफाई, लाइटिंग और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही माध्यमिक शिक्षा विभाग को “प्रोजेक्ट अलंकार” के अधिक से अधिक प्रस्ताव शासन को भेजने और उसकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए कहा कि लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जल जीवन मिशन की समीक्षा में उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को सुचारु पेयजल सुविधा मिले।

उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि जो कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हैं, उन्हें शीघ्र शत-प्रतिशत पूर्ण कर हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी की जाए।

बैठक में स्वास्थ्य, दुग्ध, पर्यटन, शिक्षा, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, मत्स्य और अन्य विभागों की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

अंत में मंडलायुक्त ने कहा कि अधिकारी आगामी बैठकों में पूर्ण तैयारी के साथ भाग लें और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ठोस कदम उठाएं। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन अजय कान्त सैनी द्वारा प्रमुख योजनाओं की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अयोध्या कृष्ण कुमार सिंह सहित मंडल के सभी मुख्य विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version