जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा से पति व बच्चों के साथ आ रही महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालीपुर थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव निवासी राहुल पुत्र रामउजागर अपनी पत्नी पूजा (28) और दो वर्षीय बच्ची के साथ किसी कार्य से जलालपुर जा रहे थे। इसी दौरान करमिसिरपुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूजा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अन्य को हल्की चोटें आईं। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।मालीपुर थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर फरार हो गया है, जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।