जलालपुर अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र में चोरों ने सोमवार रात दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए लवइया पलया व सेमरा पुरैना गांव में एक साथ चार घरों को निशाना बनाया। दो घरों से लाखों रुपये के जेवर और एक लाख से अधिक की नकदी पार कर दी, जबकि दो स्थानों पर ग्रामीणों के जागने से चोरी की कोशिश नाकाम रही। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार लवइया पलया निवासी विजेंद्र बहादुर सिंह के घर चोर पीछे के रास्ते छत पर चढ़कर आंगन में उतर आए। यहां दो कमरों में रखे बक्से व अलमारी का ताला तोड़कर तीन सोने की अंगूठी, दो पायल, एक कड़ा और करीब 65 हजार रुपये नकद उठा ले गए। इसके बाद चोरों ने पड़ोसी राज बिहारी सिंह के घर धावा बोला। परिवार के लोगों के कमरों को बाहर से बंद कर ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन आहट पाकर परिजन जाग गए, जिससे चोर भाग निकले।
इसके बाद चोरों ने सेमरा पुरैना गांव निवासी अनिल शुक्ला के घर को निशाना बनाया। यहां भी घरवालों को बाहर से बंद कर अंदर घुसकर एक मंगलसूत्र, पायल समेत करीब 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिया। वहीं बगिया निवासी फिरोज के घर भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना पर कटका थाना प्रभारी अवधेश श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।