आलापुर, अंबेडकर नगर। जयगुरुदेव धर्म संस्था की ओर से पदमपुर बाजार में जन जागरण यात्रा के तहत विशाल सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सत्संग के महत्व पर प्रकाश डाला और मानव जीवन को सार्थक बनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सत्संग की अत्यंत आवश्यकता है। मानव जीवन बड़े सौभाग्य से प्राप्त होता है, इसलिए ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जो मोक्ष प्राप्ति में बाधक बने। सत्संग के माध्यम से व्यक्ति को परमात्मा तक पहुंचने का मार्ग मिलता है तथा जाति-बिरादरी, ऊंच-नीच और अच्छाई-बुराई के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता का संदेश मिलता है।
पंकज जी महाराज ने कहा कि यह पंचतत्व से बना शरीर निश्चित समय के लिए मिला है। किसी को नहीं पता कि कब इस संसार को छोड़कर जाना पड़ जाए, इसलिए जीवन रहते हुए अच्छे कर्म और आध्यात्मिक साधना पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से सत्संग में भाग लेने का आह्वान किया।
महाराज ने मांसाहार त्यागकर शाकाहारी जीवन अपनाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति जैसा भोजन करता है, उसका प्रभाव उसके विचारों और विवेक पर पड़ता है। शाकाहार अपनाकर ही मानव जीवन को श्रेष्ठ और सार्थक बनाया जा सकता है।
सत्संग कार्यक्रम में क्षेत्र सहित आसपास के जनपदों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।