◆ डीएम ईशा प्रिया समेत जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान
अम्बेडकरनगर। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद रविवार को जिले के सभी विसर्जन स्थलों और घाटों पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर सफाईकर्मियों की टीमें गठित कर घाटों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कराई गई। अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्राम प्रशासकों ने भी श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने गायत्री मंदिर घाट पर पहुंचकर अभियान में सहभागिता की। कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने श्रवण क्षेत्र धाम में श्रमदान किया। जिला पंचायत के प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा ने महादेवा घाट पर, जबकि अकबरपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष ने गायत्री मंदिर घाट पर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न विसर्जन स्थलों पर पहुंचकर साफ-सफाई में योगदान दिया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों की निगरानी में सफाईकर्मियों ने घाटों, विसर्जन स्थलों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों से कचरा हटाया। पूजा सामग्री और अन्य अपशिष्टों के उचित निस्तारण पर भी जोर दिया गया।
अभियान का उद्देश्य विसर्जन के बाद घाटों पर फैली गंदगी को दूर करने के साथ ही बीमारियों की आशंका कम करना और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखना रहा। अधिकारियों ने आमजन से भी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की।