Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर इलाज के बहाने वृद्धा से कराई वसीयत, बेटी को घर से निकालने...

इलाज के बहाने वृद्धा से कराई वसीयत, बेटी को घर से निकालने का आरोप

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। बीमार और अशिक्षित वृद्ध महिला को इलाज के बहाने गुमराह कर वसीयत कराने तथा उसकी इकलौती बेटी को घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने जलालपुर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामला कोतवाली क्षेत्र के मरहरा गांव का है। गांव निवासी अनमोल ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बचपन में ही उसके पिता राजित राम की मृत्यु हो गई थी। पिता की मौत के बाद उसके मौसा जगदीश प्रसाद और उनके पुत्र सुनील कुमार का घर पर आना-जाना बढ़ गया। उस दौरान उसकी मां अक्सर बीमार रहती थीं। आरोप है कि सुनील कुमार दवा और इलाज के नाम पर उसकी मां को बाजार ले जाया करता था।

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2013 में उसकी मां की तबीयत खराब होने से मृत्यु हो गई। मां की मौत के बाद मौसा और उनके पुत्र ने उसकी देखभाल करना छोड़ दिया और कुछ दिन बाद उसे घर से निकाल दिया। साथ ही माता-पिता की संपत्ति पर कब्जा कर लिया। बाद में जानकारी हुई कि उसकी मां से धोखाधड़ी कर बहाने से वसीयत भी करवा ली गई थी।

अनमोल का आरोप है कि जब उसने अपने हिस्से और रहने को लेकर मौसा पक्ष से बात की तो आरोपितों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए धमकी दी कि दोबारा घर पर दिखाई देने पर अंजाम ठीक नहीं होगा।

पीड़िता ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। कोतवाल अजय प्रताप ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version