Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या रामपथ पर क्षतिग्रस्त दुकानों के निर्माण मामले को लेकर व्यापार अधिकार मंच...

रामपथ पर क्षतिग्रस्त दुकानों के निर्माण मामले को लेकर व्यापार अधिकार मंच का प्रतिनिधिमंडल मिला

0

◆ विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने निष्पक्ष समाधान और सहयोग का दिया आश्वासन


अयोध्या। व्यापार अधिकार मंच का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को संगठन के संयोजक सुशील जायसवाल के नेतृत्व में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने रामपथ निर्माण के दौरान चिन्हीकरण में क्षतिग्रस्त हुए भवनों और दुकानों के पुनर्निर्माण के बाद जारी नोटिसों के स्थायी समाधान की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रामपथ निर्माण के समय क्षतिग्रस्त दुकानों और भवनों की मरम्मत तथा निर्माण व्यापारियों ने स्वयं कराया था। इसके बाद प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिसों को लेकर व्यापारियों में चिंता है। उपाध्यक्ष अनुराज जैन ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से नक्शा और अन्य निर्माण संबंधी कार्यों में पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप बिना किसी उत्पीड़न के निष्पक्ष तरीके से न्यूनतम शुल्क पर समाधान कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि रुके हुए निर्माण कार्यों और विकास संबंधी अन्य कार्यों को भी सुचारु रूप से आगे बढ़ाने में सहयोग किया जाएगा। बैठक के दौरान संयोजक सुशील जायसवाल ने सकारात्मक वार्ता के लिए उपाध्यक्ष का आभार जताया। इस दौरान जिलाप्रभारी कमल कौशल, महामंत्री प्रभारी विश्व प्रकाश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सोनी रामू, महामंत्री अध्यक्ष रमेश जायसवाल, विकास अग्रवाल, दयालदास और आकाश जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

संगठन ने बताया कि आगामी 13 मई को प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से औपचारिक मुलाकात करेगा। इस दौरान सीपी टैक्स सहित अन्य व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version