Tuesday, July 21, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यादीक्षांत समारोह की तैयारियों की कुलपति ने की समीक्षा, विश्वविद्यालय में विकसित...

दीक्षांत समारोह की तैयारियों की कुलपति ने की समीक्षा, विश्वविद्यालय में विकसित होगा मियावाकी गार्डन


◆ 1000 से अधिक प्रजातियों के पौधों के रोपण का लक्ष्य, मिलेट ओडीओपी प्रदर्शनी भी होगी


अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में कुलपति प्रो. (डॉ.) बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीक्षांत समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए गठित विभिन्न समितियों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में दीक्षांत व्याख्यान पखवाड़ा, निमंत्रण समिति, वार्षिक प्रतिवेदन, मंच व्यवस्था, संचालन एवं भोजन समिति की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलपति ने सभी समितियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने और समन्वय के साथ तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) बिजेंद्र सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर को हरित एवं जैव विविधता से समृद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नवीन परिसर में विकसित किए जा रहे मियावाकी गार्डन में सघन वृक्षारोपण अभियान को गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि यहां 1000 से अधिक प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं फूलदार पौधे लगाए जाएंगे तथा प्रत्येक प्रजाति के कम से कम पांच पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि जैव विविधता किसी भी पारिस्थितिकी तंत्र की आधारशिला है। किसी एक प्रजाति के समाप्त होने से पूरी पारिस्थितिकी व्यवस्था प्रभावित होती है। जैव विविधता प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सभी जीवों तथा मानव समाज को जीवनदायिनी सेवाएं प्रदान करती है।

बैठक में दीक्षांत समारोह के अंतर्गत आयोजित होने वाले सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। इसमें मां-बेटी सम्मेलन, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में खेल प्रतियोगिताएं, वृद्धाश्रम में सेवा कार्यक्रम तथा प्रतिष्ठित पुस्तकों के अनुवाद कार्य की प्रगति पर चर्चा हुई। समारोह के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पोषण जागरूकता के लिए मिलेट (श्री अन्न) प्रदर्शनी तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक जिला एक उत्पाद‘ (ओडीओपी) प्रदर्शनी आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो. एस.एस. मिश्र, प्रो. सी.के. मिश्र, प्रो. आशुतोष सिन्हा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments