Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या पीएम स्वनिधि महोत्सव में डिजिटल लेनदेन करने वाले वेंडरों का सम्मान

पीएम स्वनिधि महोत्सव में डिजिटल लेनदेन करने वाले वेंडरों का सम्मान

0

अयोध्या। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम अयोध्या में बुधवार को “स्वनिधि महोत्सव” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने वाले लाभार्थी वेंडरों तथा योजना के प्रभावी संचालन में योगदान देने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को स्वरोजगार का सशक्त माध्यम प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेकर सैकड़ों लोगों ने अपना व्यवसाय विकसित किया है और उनकी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने लाभार्थियों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसकी अवधि मार्च 2030 तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि पात्र वेंडरों को चरणबद्ध तरीके से प्रथम ऋण 15 हजार रुपये, द्वितीय ऋण 25 हजार रुपये तथा तृतीय ऋण 50 हजार रुपये तक उपलब्ध कराया जा रहा है। समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी प्रदान की जाती है।

अपर नगर आयुक्त एवं परियोजना निदेशक नगरीय विकास अभिकरण डॉ. नागेंद्र नाथ ने बताया कि नियमित ऋण अदायगी और अधिक डिजिटल लेनदेन करने वाले लाभार्थियों को कैशबैक प्रोत्साहन दिया जाता है। साथ ही लाभार्थियों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है।

महोत्सव के दौरान वेंडरों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदन भी स्वीकार किए गए। इस अवसर पर पार्षद अनीता द्विवेदी, शहर मिशन प्रबंधक डूडा बृजेश श्रीवास्तव सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version