Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर माधवपुर में निषाद राज गुहा, एकलव्य व फूलन देवी की प्रतिमाओं का...

माधवपुर में निषाद राज गुहा, एकलव्य व फूलन देवी की प्रतिमाओं का अनावरण

0

जलालपुर अम्बेडकर नगर। विकासखंड भियांव के माधवपुर गांव स्थित बाबा फलाहारी दास राम जानकी मंदिर परिसर में रविवार को निषाद समाज के आराध्य निषाद राज गुहा, एकलव्य तथा फूलन देवी की प्रतिमाओं का समारोहपूर्वक अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संतकबीरनगर के पूर्व सांसद डॉ प्रवीण निषाद रहे।

मंत्रोच्चारण व वैदिक रीति-रिवाज के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से तीनों प्रतिमाओं का अनावरण कर माल्यार्पण किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने जयघोष के साथ श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीण निषाद ने कहा कि निषाद राज गुहा, एकलव्य और फूलन देवी केवल ऐतिहासिक अथवा पौराणिक पात्र नहीं, बल्कि निषाद समाज की अस्मिता और प्रेरणा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिमाओं की स्थापना से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और एकता को सुदृढ़ करते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य माखनलाल निषाद ने की। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, सुनील गुप्ता, प्रधान धर्मेंद्र निषाद, इंद्रवती निषाद, मेवालाल दास, त्रिभुवन नाथ, आशुतोष उपाध्याय, विकास निषाद सहित बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग मौजूद रहे।

वक्ताओं ने कहा कि निषादराज ने रामभक्ति का आदर्श प्रस्तुत किया, एकलव्य ने गुरुभक्ति और अद्वितीय कौशल का परिचय दिया, जबकि फूलन देवी ने संघर्ष और साहस की मिसाल कायम की। कार्यक्रम में क्षेत्र भर से आए लोगों की उल्लेखनीय सहभागिता रही, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय बना रहा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version