अयोध्या। चौदह वर्ष के वनवास के बाद प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने की प्रतीक्षा आखिरकार समाप्त हुई। भरत मिलाप के मंचन के दौरान जैसे ही प्रभु श्रीराम भरत के आश्रम पहुंचे, भाई के दर्शन के लिए व्याकुल भरत दौड़कर उनके चरणों में नतमस्तक हो गए। प्रभु श्रीराम ने उन्हें उठाकर हृदय से लगा लिया। इस भावपूर्ण दृश्य के साथ ही जय श्रीराम के जयघोष से रामलीला स्थल गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाए। गुरुवार को चौक, घंटाघर सहित शहर की विभिन्न रामलीलाओं में भरत मिलाप के आयोजन हुए।
चौक टकसाल रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल और मंत्री घनश्याम अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजन की व्यवस्थाएं संभाली गईं। समिति के पदाधिकारी विष्णु कुमार, सचिन अग्रवाल, विशाल गुप्ता, कवीन्द्र साहनी और रमेश चौरसिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। चौक कोठापार्चा की रामलीला में अध्यक्ष सिद्धार्थ महान और उनके सहयोगियों आशीष महेंद्रा, कन्हैया लाल यादव, रामजी सोनी, धनंजय कौशल, राजेंद्र सिंह वैभव और उज्ज्वल सोनी की देखरेख में भरत मिलाप का मंचन हुआ।
वजीरगंज जप्ती रामलीला में अध्यक्ष पीयूष मौर्य के नेतृत्व में भरत मिलाप का ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। वहीं, साहबगंज में श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में रामलीला अध्यक्ष रानू द्विवेदी के नेतृत्व में भव्य मंचन किया गया। आयोजन में नीरज पाठक, दीपक पांडेय और चंदन गुप्ता सहित कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था संभाली। फतेहगंज रामलीला के प्रभारी राजीव गुप्ता तथा हैदरगंज प्रतापनगर के अध्यक्ष रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में भी भरत मिलाप के दृश्य प्रस्तुत किए गए। शंकरगढ़ की रामलीला में अध्यक्ष हनुमान प्रसाद सहित पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल और अन्य पदाधिकारी विभिन्न रामलीला स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे और आयोजन समितियों का उत्साहवर्धन किया। समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम की नगरी में रामलीला समितियों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। चौदह वर्ष के वनवास के बाद प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की प्रसन्नता को श्रद्धालु रामलीलाओं के माध्यम से अनुभव कर रहे हैं।
शोभायात्राकाजगह–जगहहुआस्वागत
चौक टकसाल रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में निकली प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा का केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के शुभम हाट, सुभाषनगर स्थित कार्यालय पर स्वागत किया गया। समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, जिला संयोजक गगन जायसवाल, जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर, नगर निगम कार्य प्रभारी अतुल सिंह, लोक निर्माण विभाग प्रभारी जनार्दन पांडेय, मेला प्रभारी रोहिताश्व चंद्र राजू, राजेश कुमार जायसवाल राजू, अजय विश्वकर्मा, डॉ. अखिलेश वैश्य, अंकुश गुप्ता और मुन्ना यादव सहित पदाधिकारियों ने प्रभु श्रीराम की आरती उतारी।
भरत मिलाप कार्यक्रम के बाद चौक टकसाल से प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर शोभायात्रा का स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।