जलालपुर, अंबेडकरनगर। सर्किल क्षेत्र के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। मालीपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि जैतपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मालीपुर थाना क्षेत्र के खपुरा गांव निवासी जय राम (40) शुक्रवार रात पारिवारिक कलह के चलते घर के अंदर फांसी लगा ली। परिजनों को जानकारी होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बिजली विभाग में संविदा पर लाइनमैन के रूप में कार्य करता था। उसके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं, जैतपुर थाना क्षेत्र के कुसुमखोर के निकट शनिवार सुबह सड़क किनारे सोनू (38) पुत्र फिरतू निवासी नंदेश्वर, थाना पवई, जनपद अंबेडकरनगर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सड़क किनारे शव देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।