Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या अमर शहीद हेमू कालाणी बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि, टेबल टेनिस विजेता सम्मानित

अमर शहीद हेमू कालाणी बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि, टेबल टेनिस विजेता सम्मानित

0

अयोध्या। सिंधु सेवा समिति (रजि.) अयोध्या के तत्वावधान में अमर शहीद हेमू कालाणी के बलिदान दिवस पर तहसील परिसर स्थित पार्क में उनकी प्रतिमा पर सामूहिक माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर समिति द्वारा आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता के विजेता व उपविजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी एवं संस्था संरक्षक वेद प्रकाश राजपाल ने अमर शहीद हेमू कालाणी के जीवन, उनकी वीरता और देशसेवा में दिए गए बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने भारत सरकार से हेमू कालाणी के परिवार को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग की। संरक्षक ओम प्रकाश अंदानी एवं भीमन दास माखेजा ने कहा कि हेमू कालाणी बचपन से ही साहसी और निर्भीक थे तथा उनका त्याग आज भी प्रेरणास्रोत है। संरक्षक मोहन मंध्यान ने युवाओं से शहीद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

पूर्व मंत्री एवं संस्था अध्यक्ष अमृत राजपाल ने मांग की कि उत्तर प्रदेश सरकार के कक्षा 6, 7 और 8 के पाठ्यक्रम में अमर शहीद हेमू कालाणी का इतिहास शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में हेमू कालाणी ने सक्रिय भूमिका निभाई और हंसते-हंसते फांसी का फंदा स्वीकार किया।

कार्यक्रम का संचालन संस्था उपाध्यक्ष जे.पी. क्षेत्रपाल ने किया। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के विजेता एवं उपविजेताओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण के दौरान बूट बैंक के राजेश आहूजा द्वारा विजयी खिलाड़ियों को जूते भेंट किए गए, जबकि पुरुष जूनियर वर्ग के विजेता जतिन बजाज को साईं श्री नितिन राम जी द्वारा 2500 रुपये की धनराशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिक, समिति पदाधिकारी, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version