अंबेडकरनगर। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार को कटेहरी क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अशरफपुर बरवां परिसर में तेज हवा के चलते एक विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़कर गिर गया। पेड़ गिरने से बिजली के तार टूटकर नीचे लटक गए, जबकि विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त होकर हादसे की स्थिति में पहुंच गया।
पेड़ के गिरने के दौरान गनीमत रही कि वह अस्पताल की मुख्य इमारत पर नहीं गिरा। यदि पेड़ भवन पर गिरता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बिजली के तार टूटकर लटकने से परिसर में करंट उतरने का भी खतरा बना हुआ है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज बारिश और हवा के बीच पेड़ के गिरने तथा टूटे बिजली के तारों की स्थिति साफ दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार बारिश के कारण मिट्टी में नमी बढ़ने से कई स्थानों पर पेड़ कमजोर होकर गिर रहे हैं।
लगातार जारी बारिश और तेज हवा के कारण जिले के विभिन्न इलाकों में जगह-जगह पेड़ और उनकी डालियां गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित होने के साथ ही बिजली के तार टूटने से ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है।