◆ ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत, हार्ट अटैक की आशंका; पोस्टमार्टम के बाद पैतृक गांव पहुंचा पार्थिव शरीर
अयोध्या। राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा बल (SSF) के जवान अमित यादव की गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। करीब 30 वर्षीय अमित यादव की मौत का कारण प्रथम दृष्टया हृदयगति रुकना बताया जा रहा है। जवान के निधन की खबर मिलते ही सुरक्षा अमले और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित यादव मूल रूप से गोंडा जनपद में तैनात थे और प्रतिनियुक्ति पर अयोध्या में राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी कर रहे थे। गुरुवार रात ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में जवान के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस विभाग के अधिकारी और साथी जवान उनके पार्थिव शरीर को लेकर पैतृक गांव मुगीसपुर, थाना तारुन पहुंचे।
जैसे ही अमित यादव का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान के असमय निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित परिजनों को सांत्वना देने के लिए पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने भी शोकाकुल परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।