Tuesday, September 15, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याऑनलाइन व्यापार और सीपी टैक्स के विरोध में 5 अक्टूबर को मौन...

ऑनलाइन व्यापार और सीपी टैक्स के विरोध में 5 अक्टूबर को मौन प्रदर्शन करेंगे व्यापारी


व्यापार अधिकार मंच की बैठक में लिया गया निर्णय, मुख्यमंत्री से व्यापारी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात का प्रयास


अयोध्या। ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव और ग्रामीण व्यापारियों पर लगाए जा रहे  संपत्ति एवं वैभव कर के विरोध में व्यापार अधिकार मंच ने आंदोलन का निर्णय लिया है। मंगलवार को व्यापार अधिकार मंच के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक भाजपा नेता एवं मंच के संयोजक सुशील जायसवाल की अध्यक्षता में उनके आवासीय कार्यालय पर हुई। बैठक में सर्वसम्मति से 5 अक्टूबर को जिले के प्रमुख पदाधिकारियों द्वारा सड़क पर उतरकर मौन विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए संयोजक सुशील जायसवाल ने कहा कि ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते चलन से स्थानीय बाजारों में उपभोक्ताओं की आवाजाही और रौनक प्रभावित हुई है। उन्होंने जिला पंचायत विभाग पर ग्रामीण व्यापारियों से संपत्ति एवं वैभव कर के नाम पर वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे व्यापारी समाज में असंतोष है।

उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने के बावजूद अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज चाहता है कि उसकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर हो, जिससे उसे यह भरोसा हो सके कि सरकार उसके साथ खड़ी है।

मंच के जिलाध्यक्ष अरुण गुप्ता ने बताया कि व्यापारियों के आंदोलनों में सक्रिय रहे भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी से वार्ता कर मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र सौंपने के लिए समय मांगा गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से व्यापारी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का आग्रह किया, ताकि जिले सहित पूर्वांचल के ग्रामीण व्यापारियों को कथित रूप से लागू इस पुराने कानून से राहत दिलाई जा सके।

बैठक में ऑनलाइन व्यापार और सीपी टैक्स के विरोध में आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को लेकर संगठन आगे भी आवाज उठाता रहेगा।

बैठक के अंत में फैजाबाद-अयोध्या के पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री की पत्नी एवं समाजसेविका स्वर्गीय बीना खत्री के निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर राजेश सिंह, दयाल दास, पंकज कौशल, श्याम किशोर कौशल, संतोष कुमार कौशल, दशरथ कौशल, डॉ. बजरंगी वर्मा, सूरज शर्मा, रोशन जायसवाल, संजय गुप्ता, मनोज गुप्ता, शुभम गुप्ता, शैलेंद्र यादव, लक्ष्मी प्रसाद कसौंधन, राजकुमार यादव, प्रवेश पाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments