अम्बेडकर नगर। वीबी जीरामजी योजना के कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने रामनगर, बसखारी और अकबरपुर विकासखंडों के खंड विकास अधिकारियों तथा सहायक कार्यक्रम अधिकारियों का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वीबी जीरामजी योजना की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विकासखंडवार प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान रामनगर, बसखारी और अकबरपुर में योजना की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई।
उन्होंने व्यक्तिगत लाभार्थीपरक कार्यों, स्कूलों की बाउंड्रीवाल, खेल मैदानों तथा एरिया ऑफिसर मोबाइल एप के माध्यम से किए जा रहे निरीक्षण की स्थिति की भी समीक्षा की। पात्र लाभार्थियों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए व्यक्तिगत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सड़क किनारे उपलब्ध खेल मैदानों और ग्राम पंचायत की भूमि को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित कराकर विकसित करने को कहा। इसके लिए बीडीओ और एपीओ को संबंधित उप जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
कैटल व पिगरी शेड निर्माण में तेजी के निर्देश
जिलाधिकारी ने कैटल शेड और पिगरी शेड निर्माण की भी समीक्षा की। उन्होंने नियमानुसार पात्र लाभार्थियों का चयन कर अधिक से अधिक लोगों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को कार्य शीघ्र शुरू कराने, निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने को कहा।
जिला विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी डीआरडीए और डीसी वीबी जीरामजी को नियमित रूप से कार्यों की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी डीआरडीए, डीसी एनआरएलएम/प्रभारी डीसी वीबी जीरामजी समेत सभी बीडीओ और एपीओ मौजूद रहे।