जलालपुर, अंबेडकर नगर। यूपीआई मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर दो हजार से अधिक के लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर शुल्क लगाए जाने के विरोध में शनिवार को जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल जलालपुर के बैनर तले व्यापारियों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने सरकार के फैसले पर पुनर्विचार कर शुल्क वापस लेने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
व्यापारियों का कहना था कि सरकार ने पहले लोगों को डिजिटल और ऑनलाइन लेनदेन के लिए प्रोत्साहित किया और अब उस पर शुल्क लगाए जाने से व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इससे डिजिटल इंडिया अभियान को भी झटका लगने की आशंका है।
जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने कहा कि सरकार को व्यापारियों और ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगाए गए शुल्क पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शुल्क लागू होने से लोग दोबारा नकद लेनदेन की ओर बढ़ सकते हैं, जिससे डिजिटल लेनदेन की पारदर्शिता प्रभावित होने के साथ ही सरकार को मिलने वाले कर राजस्व पर भी असर पड़ सकता है।
प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने जिलाधिकारी ईशा प्रिया को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार उत्कर्ष सिंह को सौंपा और एमडीआर शुल्क वापस लिए जाने की मांग की।
इस मौके पर देवेश मिश्रा, आकाश, आदित्य, प्रकाश मौर्य, रामचंद्र जायसवाल, नंदकुमार, राज कपूर, सुभाष चंद्र, विकास निषाद, सोनू समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।