जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जलालपुर और मालीपुर थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में घायल एक बुजुर्ग समेत तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के बड़ेपुर में सोमवार को मेले में जूते-चप्पल की दुकान लगाने पहुंचे पट्टी गांव निवासी सुंदरम (19) पुत्र ओमप्रकाश ई-रिक्शा पलटने से उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार शाम उसकी मौत हो गई। पांच भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर रहे सुंदरम की मौत से मां मीरा देवी समेत परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
दूसरा हादसा मंगलवार को जलालपुर-बसखारी मार्ग पर नर्सरी बाजार के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में हुआ। इसमें घायल कामता निषाद (65) निवासी को सीएचसी बसखारी से मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर किया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल गौरा महमदपुर निवासी सचिन और प्रवेश का इलाज जारी है।
उधर, मालीपुर थाना क्षेत्र के कांदीपुर गांव निवासी राजकुमार (26) पुत्र फिरतू की भी 17 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। बीते 10 अक्टूबर को हजपुरा चौराहे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में उसका इलाज चल रहा था। अविवाहित राजकुमार की मौत से पिता फिरतू और मां आशा देवी बदहवास हैं। सीओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि तीनों मामलों में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।