Thursday, November 26, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यादेश की पहली ऑक्सी फ्यूजन मशीन से स्वच्छ होगा दंतधावन कुंड का...

देश की पहली ऑक्सी फ्यूजन मशीन से स्वच्छ होगा दंतधावन कुंड का जल


◆ महापौर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया शुभारंभ, 60 लाख रुपये की मशीन से रसायन मुक्त तकनीक द्वारा होगा जल का शुद्धीकरण


अयोध्या। श्रीराम मंदिर से करीब 500 मीटर दूर स्थित दंतधावन कुंड के जल को स्वच्छ और ऑक्सीजनयुक्त बनाए रखने के लिए गुरुवार को देश की पहली ऑक्सी फ्यूजन मशीन का शुभारंभ किया गया। महापौर महंत गिरिशपति त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन के बाद बटन दबाकर मशीन का संचालन शुरू कराया। करीब 60 लाख रुपये की लागत वाली इस मशीन का संचालन एनवायरो जोन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सीएसआर फंड के तहत करेगी।

इस मौके पर महापौर ने कहा कि दंतधावन कुंड के घाटों और सीढ़ियों का निर्माण सुंदर तरीके से कराया गया है, लेकिन जल की स्वच्छता बड़ी चुनौती थी। एनवायरो जोन प्राइवेट लिमिटेड, गाजियाबाद के सहयोग से अब इसका समाधान हो सकेगा। भगवान श्रीराम से जुड़ी मान्यता वाले इस कुंड की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने से यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए आस्था और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने और अन्य आवश्यकताओं में भी सहयोग करने की अपेक्षा जताई। बताया कि ऑक्सीजन, ओजोन और नैनो बबल तकनीक के मिश्रण से बिना किसी रसायन के कुंड का जल प्राकृतिक रूप से स्वच्छ और ऑक्सीजनयुक्त रखा जाएगा। इससे मछली, कछुआ सहित अन्य जलीय जीवों के लिए भी अनुकूल वातावरण बनेगा। मशीन की क्षमता प्रति घंटे 50 घन मीटर पानी साफ करने की है।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि ऑक्सी फ्यूजन एवं नैनो बबल तकनीक जलाशयों की स्वच्छता और पुनर्स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रणाली पूरी तरह रसायन मुक्त और पर्यावरण अनुकूल है। इससे जलाशय की प्राकृतिक स्थिति प्रभावित किए बिना पानी को स्वच्छ किया जाएगा। कुंड के जल का टीडीएस और ऑक्सीजन स्तर नियमित रूप से जांचा जाएगा।

समारोह में उपसभापति संतोष सिंह, पार्षद लक्ष्मण वर्मा एवं प्रियेश दास, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, सहायक अभियंता निर्माण राजपति यादव, कंपनी के निदेशक धर्मेंद्र वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments