जैतपुर अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र के ग्राम गारोपुर में एक महिला के घर की दीवार तोड़े जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद सहित चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
गारोपुर निवासिनी मनभावती पत्नी जित्तू ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि पतिराम पाल पुत्र रामआधर पाल, निवासी गारोपुर, अपने चार साथियों के साथ उसके घर पहुंचे और दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने घर की दीवार का कुछ हिस्सा तोड़ दिया। शोर मचाने पर जब गांव के लोग मौके की ओर दौड़े, तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि भागते समय आरोपित अपनी दो मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। मनभावती का कहना है कि पतिराम पाल पूर्व में भी कई बार उसे धमकी दे चुका है। उसके पति रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर मजदूरी करते हैं, जिससे वह अपने बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती हैं। इस घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों मोटरसाइकिलों को अपने कब्जे में ले लिया।
थाना अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार आज़ाद ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।