अंबेडकर नगर। अकबरपुर बस स्टेशन के वर्षों से लंबित स्थानांतरण को लेकर अब प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। भाजपा नेता एवं नारायण फ़ाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से भेंट कर इस संबंध में माँग पत्र सौंपा। मंत्री ने मामले पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर स्थानांतरण प्रक्रिया प्रारंभ करने का आश्वासन दिया।
विवेक मौर्य ने बताया कि परिवहन मंत्री ने यात्रियों की सुविधा, विभागीय व्यवस्थाओं तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए स्थान पर बस स्टेशन बनाए जाने की सहमति जताई है। साथ ही यह भी कहा कि पुराने बस स्टेशन के स्थान का जनहित में उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। राज्यभर में परिवहन सेवाओं के विस्तार को लेकर विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है और कई लक्ष्यों को पूरा किया जा चुका है। अकबरपुर में भी किसी सेवा में कमी नहीं आने दी जाएगी।
माँग पत्र में विवेक मौर्य ने उल्लेख किया कि फ्लाइओवर निर्माण के बाद मौजूदा बस स्टेशन पर संचालन व यात्रियों की आवाजाही में निरंतर कठिनाइयाँ बढ़ गई हैं, जिसे देखते हुए बस स्टेशन का स्थानांतरण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने निवेदन किया कि जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रक्रिया को शीघ्र शुरू कराया जाए।
परिवहन मंत्री के सकारात्मक रुख पर आभार व्यक्त करते हुए विवेक मौर्य ने कहा कि अकबरपुर के हित में लिए गए इस निर्णय से स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। साथ ही मंत्री ने भविष्य में आवश्यक रूटों पर नई बस सेवाएँ शुरू करने का भरोसा भी दिया है।