Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर लाखों दीपों से जगमगाई महात्मा श्रवण कुमार की निर्वाण स्थली

लाखों दीपों से जगमगाई महात्मा श्रवण कुमार की निर्वाण स्थली

0

◆ श्रवण धाम महोत्सव–2026 का प्रथम दिवस श्रद्धा, भव्यता और संस्कृति के रंग में रंगा


अम्बेडकर नगर। जनपद में 18 से 20 जनवरी तक आयोजित श्रवण धाम महोत्सव–2026 का प्रथम दिवस शनिवार को श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक भव्यता के साथ संपन्न हुआ। महात्मा श्रवण कुमार की निर्वाण स्थली त्रिवेणी घाट लाखों दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा। दीपों की सुसज्जित पंक्तियों से घाटों का दृश्य अत्यंत मनोहारी हो गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

दीपोत्सव का शुभारंभ सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडे, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी सहित जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

दीपोत्सव के पश्चात भव्य डमरू तमसा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। इसके बाद राज्यमंत्री खेल एवं युवा कल्याण,एवं जनपद के प्रभारी मंत्री द्वारा फीता काटकर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

महोत्सव के प्रथम दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समूचे परिसर को उल्लास से भर दिया। मयूर नृत्य, फूलों की होली एवं लट्ठमार होली की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसी क्रम में पद्मश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा के मंच पर आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। अनूप जलोटा के भक्तिमय भजनों ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया, जिसे सुनकर हजारों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि श्रवण धाम महोत्सव ने जनपद को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश और विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने भव्य व सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आयोजन से जुड़े कर्मियों को बधाई दी।

श्रवण धाम महोत्सव–2026 का प्रथम दिवस धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और जनभागीदारी का अनुपम संगम बनकर जनमानस पर गहरी छाप छोड़ गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version