Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर श्रवण धाम महोत्सव–2026 के दूसरे दिन सजेगा काव्य मंच, डॉ. कुमार विश्वास...

श्रवण धाम महोत्सव–2026 के दूसरे दिन सजेगा काव्य मंच, डॉ. कुमार विश्वास होंगे आकर्षण

0

अम्बेडकर नगर। श्रवण धाम महोत्सव–2026 के दूसरे दिन सोमवार 19 जनवरी को श्रद्धा के साथ साहित्य और संस्कृति का रंग भी गहराएगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से विकास खंड कटेहरी अंतर्गत श्रवण क्षेत्र के चिउटीपारा स्थित पावन श्रवण धाम में आयोजित इस महोत्सव के तहत दिनभर विविध सांस्कृतिक व साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

दूसरे दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर एक बजे तक किसान सम्मेलन व गोष्ठी से होगी। इसके बाद दोपहर दो बजे से तीन बजे तक श्रवण क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। अपराह्न तीन बजे से चार बजे तक प्रदेश के सुप्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जबकि शाम चार बजे से पांच बजे तक क्षेत्रीय कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। सायं पांच बजे से छः बजे तक आरती कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण सायं छः बजे से रात्रि नौ बजे तक आयोजित होने वाला भव्य कवि सम्मेलन होगा, जिसमें देश के जाने-माने कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित अन्य ख्यातिप्राप्त कवि काव्य पाठ करेंगे। कवि सम्मेलन को लेकर साहित्य प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों व श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रवण धाम महोत्सव–2026 को सफल बनाएं और श्रवण धाम को एक प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने में सहभागी बने।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version