अम्बेडकर नगर। रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने सलामी लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड के दौरान एसपी ने पुलिस बल की शारीरिक दक्षता बढ़ाने के लिए दौड़ कराई। इसके बाद टोलीवार परेड ड्रिल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए आरक्षियों को जरूरी प्रशिक्षण संबंधी निर्देश दिए। उन्होंने अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने यूपी-112 पीआरवी वाहनों की भी जांच की। इस दौरान हेडलाइट, हूटर, इंडिकेटर, फर्स्ट एड किट सहित अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता परखी गई। संबंधित कर्मियों को वाहनों के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए गए।
इसके बाद क्वार्टर गार्ड और शस्त्रागार का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों की स्थिति का जायजा लिया गया। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आरक्षी रंगरूटों का भी निरीक्षण कर उनके प्रशिक्षण स्तर का मूल्यांकन किया गया तथा उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
एसपी ने पुलिस लाइन परिसर स्थित जिम, भोजनालय, चिल्ड्रेन पार्क, लाइब्रेरी और निर्माणाधीन भवनों का भी निरीक्षण किया। स्वच्छता, रखरखाव और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
परेड के बाद आदेश कक्ष में रजिस्टरों और अभिलेखों का निरीक्षण कर उन्हें अद्यतन व सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।