अम्बेडकर नगर। उचित दर विक्रेताओं की आय बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई ई-पॉस मशीन से विद्युत बिल जमा करने की सुविधा जनपद में प्रभावी साबित हो रही है। इस पहल के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले विक्रेताओं को विभाग द्वारा सम्मानित भी किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद विभाग, यूपी पावर कार्पोरेशन लिमिटेड एवं इंटिग्रा माइक्रो सिस्टम के समन्वय से ई-पॉस मशीन के माध्यम से बिजली बिल जमा कराने की व्यवस्था लागू की गई है। इससे उपभोक्ताओं को सुविधा मिलने के साथ ही उचित दर विक्रेताओं की आय में भी वृद्धि हो रही है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में सर्वाधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल ई-पॉस मशीन के जरिए जमा कराने पर विकास खंड भियांव के ग्राम पंचायत बबुरा स्थित उचित दर विक्रेता दिलीप कुमार, प्रदीप कुमार, तथा श्रीमती नीलम दूबे को लाभांश दिया गया। विभाग ने इन सभी विक्रेताओं को सम्मानित किया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी 1120 उचित दर विक्रेताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल ई-पॉस मशीन के माध्यम से जमा कराएं, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके और योजना का लाभ व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सके।