◆ नवम्बर 2024 में अयोध्या से बिहार पैसेंजर लेकर जाने के बाद हुए थे गुमशुदा
अयोध्या। सवारी बनकर कार में बैठे हत्यारों ने चालक को गोरखपुर ले जाकर उसकी हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगा दिया। मामले का अयोध्या पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विभव तिवारी उर्फ रौनक तिवारी, बलराम कुमार झा, किशोरी शास्त्री उर्फ किशोरी कुमार दास और विशाल पाण्डेय शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से कत्थई रंग का मोफलर और लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। मामले का मास्टर माइंड अनमोल मिश्र एक मामले में जेल में निरूद्ध है। आरोपितों को अवध बिहारी का पूरवा एयरपोर्ट पक्के नाले की पुलिया के पास से अरेस्ट किया गया।
मामले में 23 नवंबर 2024 को मतक की पत्नी द्वारा सूचना दी गई थी कि उनके पति अजीत गुप्ता 21 नवंबर की रात अयोध्या के नयाघाट क्षेत्र से सवारी लेकर गोरखपुर गए थे, जिसके बाद वह घर नहीं लौटे। पहले गुमशुदगी दर्ज की गई, बाद में जांच के दौरान मामला अपहरण व हत्या में तब्दील किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से अजीत गुप्ता की स्विफ्ट डिजायर कार बुक कर अयोध्या से गोरखपुर ले जाकर गला कसकर हत्या की। इसके बाद मृतक से चैन, अंगूठी और कार लूट ली गई तथा शव को बिहार के मुजफ्फरनगर क्षेत्र में फेंक दिया गया। घटना के बाद आरोपी अलग-अलग शहरों में छिपकर रह रहे थे। पुनः अयोध्या आने पर मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने एसओजी व सर्विलांस टीम ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी डा गौरव ग्रोवर ने बताया कि पूछ-तांछ में आरोपियों ने घटना किया जाना स्वीकार किया है। सभी आरोपितों के खिलाफ थाना कोतवाली अयोध्या में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों पर गैंगेस्टर की कारवाही की जाएगी।