Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या नवरात्र, प्रतिमा विसर्जन और दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या पहुंचे...

नवरात्र, प्रतिमा विसर्जन और दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने अयोध्या पहुंचे एडीजी प्रवीण कुमार

0

अयोध्या। शारदीय नवरात्र, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार अयोध्या पहुंचे। पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

एडीजी प्रवीण कुमार ने कहा कि शारदीय नवरात्र के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। अयोध्या में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना और विसर्जन का व्यापक कार्यक्रम होता है। गोंडा और बस्ती समेत आसपास के जनपदों से भी प्रतिमाएं विसर्जन के लिए नया घाट पहुंचती हैं। सरयू में स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पंडालों और प्रतिमा विसर्जन के दौरान जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जाएगा। अवध क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन के कार्यक्रम संवेदनशील होते हैं। इनके रूट सुल्तानपुर, अमेठी समेत विभिन्न जनपदों से भी जुड़े हैं। ऐसे में सभी संबंधित जनपदों के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

एडीजी ने अयोध्या एसएसपी और उनकी टीम की ओर से पुलिस लाइन में आधुनिक मीटिंग हॉल तैयार किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त मीटिंग हॉल से तकनीक के माध्यम से सूचनाओं के आदान-प्रदान और रणनीतिक बैठकों में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता नवरात्र और दशहरा के आयोजनों को सकुशल संपन्न कराना है। इसके बाद विश्वविख्यात दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर अलग से बैठक की जाएगी।

राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, देवकाली, छोटी देवकाली और बड़ी देवकाली सहित प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। एडीजी ने पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version