Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरतें अधिकारी: महापौर

जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरतें अधिकारी: महापौर

0

◆  नगर निगम की जनसुनवाई में 17 शिकायतें आईं, 10 का मौके पर निस्तारण


अयोध्या। नागरिकों की समस्याओं का समाधान इस तरह किया जाए कि उन्हें एक ही काम के लिए बार-बार नगर निगम के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। यह निर्देश महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर निगम में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान दिए।

जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं से संबंधित 17 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

महापौर ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता जरूरी है। अधिकारी आवश्यकतानुसार मौके पर पहुंचकर समस्याओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करें और उनका निस्तारण कराएं। उन्होंने वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

जनसुनवाई के दौरान सड़क एवं नाली निर्माण, जलभराव, पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन की खोदाई, गृहकर और जलकर सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, सहायक अभियंता निर्माण राजपति यादव सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version