Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या शीतलहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी-पीएचसी तक...

शीतलहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी-पीएचसी तक किए गए विशेष इंतजाम

0
ayodhya samachar

अयोध्या। दिसंबर में बढ़ती ठंड और संभावित शीतलहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक मरीजों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार बनियान ने बताया कि जिले की सभी 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयल इमर्शन हीटर लगाए गए हैं। इसके अलावा ऑपरेशन थिएटर, प्रसव कक्ष और नवजात शिशु वार्डों में भी हीटर की व्यवस्था की गई है, जिससे मरीजों और नवजात बच्चों को ठंड से बचाया जा सके। बच्चों और बुजुर्गों को अधिक ठंड लगने की संभावना को देखते हुए इन वार्डों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

सर्दी से संबंधित बीमारियों जैसे सर्दी-जुकाम, बुखार, निमोनिया और सांस की दिक्कत के इलाज के लिए जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी पर आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। मरीजों को जरूरत के अनुसार गर्म कंबल भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पुराने भवनों में जहां खिड़कियां क्षतिग्रस्त थीं, उन्हें ठीक कराने और मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।

डिस्ट्रिक्ट एपिडेमोलॉजिस्ट डॉ. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता के लिए आशा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे घर-घर जाकर ठंड से बचाव के उपायों की जानकारी दे रही हैं। स्वास्थ्य केंद्रों और गांवों में बैनर-पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं। शीतलहर को लेकर सीएमओ कार्यालय में कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है, जहां से रोजाना निगरानी की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version