Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या मंडलायुक्त ने विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, योजनाओं में...

मंडलायुक्त ने विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, योजनाओं में समयबद्ध प्रगति पर जोर

0

अयोध्या। मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर आयुक्त अजयकांत सैनी सहित मंडल के सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मंडलायुक्त ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने, सीएचसी-पीएचसी पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को समय से भुगतान तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त दिव्यांग पेंशन, जल जीवन मिशन, शौचालय निर्माण, पर्यटन परियोजनाएं, सामाजिक वानिकी, ऑपरेशन कायाकल्प, निराश्रित गोवंशों के लिए भूसा भंडारण, शादी अनुदान योजना, आईसीडीएस पोषण अभियान, ग्रामीण स्टेडियम, ओपन जिम, सेतु निर्माण, ओडीओपी एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की भी समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड भ्रमण कर कार्यों का सत्यापन करने और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर डेटा की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version