अयोध्या। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर इस वर्ष 84 कोसी परिक्रमा का आयोजन किया जाएगा। परिक्रमा की शुरुआत 2 अप्रैल से होगी, जबकि 3 अप्रैल को बस्ती जनपद स्थित मखोड़ा धाम से यात्रा विधिवत प्रारंभ की जाएगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, मखोड़ा धाम वह पवित्र स्थल है जहां महाराज दशरथ ने पुत्र प्राप्ति के लिए यज्ञ किया था।
यह परिक्रमा बस्ती, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बाराबंकी और गोंडा जनपदों से होकर गुजरेगी और लगभग तीन सप्ताह तक चलेगी। 24 अप्रैल को यह यात्रा अयोध्या पहुंचेगी, जहां सीता कुंड पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होगा। इसके बाद श्रद्धालु रामकोट की परिक्रमा करेंगे।
इस आयोजन का संचालन विश्व हिंदू परिषद के हनुमान मंडल द्वारा किया जाता है। परिक्रमा में बड़ी संख्या में साधु-संतों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस संबंध में आयोजन समिति के संयोजक सुरेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिक्रमा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस पवित्र आयोजन में सहभागिता की अपील की है। मौके पर विहिप के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा मौजूद रहे।