अयोध्या। अमर शहीद हेमू कालाणी के बलिदान दिवस के अवसर पर सिंधु सेवा समिति (रजि.), अयोध्या द्वारा महिला एवं पुरुष वर्ग की टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूज्य साईं श्री नितिन राम जी ने अमर शहीद हेमू कालाणी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के महामंत्री नरेंद्र क्षेत्रपाल ने किया।
मुख्य अतिथि साईं नितिन राम ने कहा कि अयोध्या के खिलाड़ियों ने पूर्व में टेबल टेनिस में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है और अब नई पीढ़ी उस परंपरा को आगे बढ़ा रही है। संस्था अध्यक्ष अमृत राजपाल ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता चार वर्गों में आयोजित की गई। 14 वर्ष तक के पुरुष वर्ग के फाइनल में हिमांशु मन्ध्यान ने पार्थ मन्ध्यान को 11/3, 11/6 से हराकर खिताब जीता। महिला वर्ग के फाइनल में पवित्रा मलकानी ने मोनिका जीवानी को 11/6, 12/10, 11/6 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
14 से 35 वर्ष आयु वर्ग में कुशाल रामानी, वंश अंदानी, कुशाग्र मंछानी, कबीर, श्रेय राजपाल, उपकार मोटवानी, जतिन बजाज और यश मन्ध्यान ने क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। 35 वर्ष से ऊपर पुरुष वर्ग में नितिन तोलानी, प्रकाश मध्यान और अमृत राजपाल सेमीफाइनल तक पहुंचे।
उद्घाटन अवसर पर संरक्षक मोहन मध्यान, गिरधारी चावला, डॉ. महेश सुरतानी, उपाध्यक्ष जयप्रकाश क्षेत्रपाल, कोषाध्यक्ष सुनील मध्यान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।