◆ फैजाबाद केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की बैठक में अवैध दवा कारोबार पर कार्रवाई का समर्थन, वार्षिक पारिवारिक कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा
अयोध्या। फैजाबाद केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को पॉपुलर मेडिकल स्टोर में अध्यक्ष अवि आनंद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बिना लाइसेंस दवा बिक्री और अवैध दवा कारोबार के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) द्वारा चलाए जा रहे अभियान का समर्थन करते हुए जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया गया। साथ ही संगठन के वार्षिक पारिवारिक एवं सम्मान समारोह की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अवि आनंद ने कहा कि जनहित और जनस्वास्थ्य संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना लाइसेंस दवा बिक्री और अवैध कारोबार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई का संगठन पूर्ण समर्थन करता है और आगे भी प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करेगा।
महामंत्री आनंद अग्रहरि ने सभी दवा विक्रेताओं से औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा विभागीय नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करना प्रत्येक लाइसेंसधारी दवा विक्रेता की जिम्मेदारी है।
बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें आम लोगों से केवल लाइसेंस प्राप्त मेडिकल स्टोर से ही दवाइयां खरीदने की अपील की गई। साथ ही बिना लाइसेंस दवा बिक्री के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई का समर्थन करने तथा अवैध रूप से दवाओं की आपूर्ति करने वाले लाइसेंसधारी एवं थोक विक्रेताओं के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले संगठन के वार्षिक पारिवारिक एवं सम्मान समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि समारोह 15 अगस्त को शाम चार बजे मारवाड़ी सेवा सदन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों का सम्मान, सदस्यों के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल बच्चों का अभिनंदन, समाज की प्रतिभाओं एवं पुराने कर्मचारियों का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारिवारिक मिलन और सभी सदस्यों एवं उनके परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था भी रहेगी। संगठन ने सभी सदस्यों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
मीडिया प्रभारी शरद कुमार सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा अवैध दवा कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संगठन जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रशासन के साथ हर स्तर पर सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त का सम्मान एवं पारिवारिक समारोह संगठन की एकता, सामाजिक सहभागिता और आपसी समन्वय को मजबूत करने का अवसर होगा।
बैठक में अध्यक्ष अवि आनंद, महामंत्री आनंद अग्रहरि, कोषाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव, होलसेल प्रभारी राकेश सोनी सहित अमित दिवाकर, वीरेंद्र कुमार जायसवाल, राजेंद्र प्रसाद यादव, शमशेर अली, कृष्ण गोपाल कसौधन, शादाब खान, राकेश सहदेव, इंद्र यादव, विकास पांडे, गोपीनाथ गुप्ता, मानवेंद्र प्रताप सिंह, संजय जायसवाल, शुभम सोनकर, अखिलेश सिंह, अभिषेक संगतानी समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।