Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या पेट्रोल, डीजल व एलपीजी की आपूर्ति पर नजर, कालाबाजारी रोकने के निर्देश

पेट्रोल, डीजल व एलपीजी की आपूर्ति पर नजर, कालाबाजारी रोकने के निर्देश

0
ayodhya samachar

अयोध्या। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता को यह आश्वस्त किया जाए कि पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर जनपद में किसी प्रकार की कमी नहीं है। साथ ही यह भी बताया जाए कि एलपीजी गैस के मामले में भारत सरकार ने फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए गैस रिफिल की डिलीवरी ओटीपी प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं, संदेशों और वीडियो पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि गैस सिलेंडर के वितरण के दौरान कानून व्यवस्था की कोई समस्या उत्पन्न न हो।

प्रशासन ने गैस सिलेंडर ले जाने वाले वाहनों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने और गैस एजेंसियों द्वारा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध बिक्री को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा गैस एजेंसियों पर सामान्य वितरण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर मिल सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि राजस्व विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग तथा तेल कंपनियों के नोडल अधिकारियों के साथ स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे। गैस वितरण से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए जनपद में एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जाएगा, जहां से स्थिति पर नजर रखी जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version