Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या होली पर मिलावटखोरों पर सख्ती, 9.47 लाख का खाद्य पदार्थ जब्त

होली पर मिलावटखोरों पर सख्ती, 9.47 लाख का खाद्य पदार्थ जब्त

0

अयोध्या । होली पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू किया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा के आदेश एवं जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फूंडे के निर्देशन में गठित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के सचल दल ने 19 फरवरी से 28 फरवरी तक विशेष निगरानी अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

इसी क्रम में 23 फरवरी को सहायक आयुक्त (खाद्य) के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार साहू एवं अजय कुमार सोनी की टीम ने सोहावल के केडा सराय स्थित निमास ट्रेडर्स सोल्यूशन प्रा. लि. का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अवसर वनस्पति घी का नमूना लेते हुए 462 किग्रा घी (मूल्य 1,23,000 रुपये) जब्त किया गया। साथ ही डुवल लायन मटर दाल का नमूना लेकर 100 किग्रा दाल (56,000 रुपये) तथा सर सोना कड़वा ब्रांड वेजिटेबल ऑयल के 1148 किग्रा (1,88,600 रुपये) जब्त किए गए।

दीपू ट्रेडर्स से क्रांति मस्टर्ड ऑयल का नमूना लेकर 200 टिन (3000 लीटर) तेल (2,50,000 रुपये) जब्त किया गया। रूदौली स्थित जनरल इंजीनियरिंग सेवई सेंटर से सेवई तथा महालक्ष्मी अग्रवाल ट्रेडर्स से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का नमूना लेकर 100 टिन (1500 लीटर) तेल (2,50,000 रुपये) जब्त किया गया। दूसरे सचल दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शरद पाल व सुमित चौधरी शामिल रहे, जिन्होंने श्री विनायक फूड्स से नमकीन के दो नमूने संग्रहित किए।

एक दिन में कुल 8 नमूने लेकर 9,17,600 रुपये का खाद्य पदार्थ जब्त किया गया। अब तक 23 नमूने जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। साथ ही 80 किग्रा पनीर व खोया (41,400 रुपये) नष्ट कराया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version