◆ लोहिया भवन में जिला एवं महानगर कमेटी का संयुक्त आयोजन, बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि
अयोध्या। समाजवादी पार्टी जिला एवं महानगर कमेटी की ओर से गुरुवार को गुलाबबाड़ी स्थित जिला कार्यालय लोहिया भवन में संविधान दिवस मनाया गया। इस दौरान भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही संविधान की प्रस्तावना का स्मरण करते हुए लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक तेज नारायण पांडेय ‘पवन पांडेय’ ने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र की बुनियाद है। इसने समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और न्याय का अवसर दिया है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया। कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है। यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करना पड़ा तो पार्टी इसके लिए पूरी तरह तैयार है।
जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का संरक्षक है। संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय की स्थापना पार्टी की प्राथमिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। इसमें निहित समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव एजाज अहमद ने किया। सपा प्रवक्ता लवलेश पाण्डेय ने बताया कि आयोजन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस मौके पर पूर्व प्रत्याशी हाजी फिरोज खान गब्बर, महानगर महासचिव हामिद जाफर मीशम, पूर्व प्रमुख राम अचल यादव, हलीम पप्पू, सूर्यकांत पांडेय, अमृत राजपाल, सोहेल अहमद, अंसार अहमद, दिवाकर कनौजिया, वसी हैदर गुड्डू, मोहम्मद आकिब खान, सरोज यादव, सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।