अंबेडकर नगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में आलापुर विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक त्रिभुवन दत्त के चालक अजय निषाद (48) की दर्दनाक मौत हो गई। बस अड्डे के पास ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
अजय निषाद अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के संघतिया नाका के निवासी थे। बताया जाता है कि शुक्रवार देर शाम वह किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान बस अड्डे के पास ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
अजय की मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हादसे में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।