अयोध्या। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से हीट वेव का खतरा बढ़ गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आशीष पाठक के अनुसार, अत्यधिक गर्मी के दौरान बिना आवश्यकता घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा सिर को कैप, गमछा या छाते से ढककर रखें, जिससे लू के प्रभाव से बचाव हो सके। उन्होंने शरीर को पूरी तरह ढककर रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है, ताकि डिहाइड्रेशन की समस्या न हो।
डॉक्टरों का कहना है कि इन दिनों फूड प्वाइजनिंग और पेट से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या में भी वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में बासी भोजन से परहेज करने, ताजा और स्वच्छ भोजन करने तथा बाहर के खाने और जंक फूड से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
वहीं त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार तेज धूप के कारण रैशेज, फंगल इंफेक्शन और अन्य त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इससे बचाव के लिए सनस्क्रीन का उपयोग करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सावधानी और सतर्कता ही इस भीषण गर्मी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।