जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर पालिका क्षेत्र में एंटी लार्वा दवा के छिड़काव, फॉगिंग और सफाई व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच गुरुवार को उपजिलाधिकारी मधुमिता सिंह ने नगर पालिका के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने फॉगिंग व एंटी लार्वा छिड़काव में इस्तेमाल होने वाली सामग्री समेत अन्य संसाधनों के स्टॉक की जानकारी ली। साथ ही सभी वार्डों में नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नगर क्षेत्र में फॉगिंग के राउंड, एंटी लार्वा छिड़काव और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि मच्छरों के प्रकोप और जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर नियमित अंतराल पर एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए। सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने नगर में नियमित रूप से एंटी लार्वा का छिड़काव और सफाई कराए जाने की बात कही। मौके पर मौजूद एक स्थानीय पत्रकार ने नगर क्षेत्र में सामने आ रही सफाई संबंधी समस्याओं का हवाला देते हुए इस दावे पर सवाल उठाया। इसको लेकर ईओ और पत्रकार के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। यह स्थिति एसडीएम की मौजूदगी में बनी।
मामला बढ़ता देख एसडीएम मधुमिता सिंह ने नगर क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं की जानकारी सीधे प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि सफाई, फॉगिंग अथवा एंटी लार्वा छिड़काव में कहीं कमी है तो उसकी सूचना प्रशासन को दी जाए, ताकि संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ लिपिक राम प्रकाश पांडेय समेत नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। एसडीएम के औचक निरीक्षण के बाद अब नगर के सभी वार्डों में फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और सफाई व्यवस्था में सुधार को लेकर लोगों की निगाहें टिकी हैं।